Follow Us:

रात 2 बजे रक्कड़ में फंसी टूरिस्‍ट से भरी वॉल्वो बस, ड्राइवर ने पी थी शराब और ……

  • बीड़-बिलिंग से दिल्ली जा रही Northern Traveller की वोल्वो बस पुलिस थाना रक्कड़ के समीप खराब हुई

  • ड्राइवर शराब के नशे में पाया गया, 45 यात्री रात में फंसे, महिलाएं व बच्चे भी शामिल

  • पुलिस ने दूसरी बस का इंतजाम कर यात्रियों को सुरक्षित रवाना किया, ड्राइवर पर 15,000 का चालान



जसवां  प्रागपुर (रक्कड़),  गौरव सेठी: बीड़ बिलिंग से दिल्ली जा रही एक वॉल्वो बस देर रात रक्कड़ थाना क्षेत्र में अचानक खराब हो गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि ड्राइवर शराब के नशे में था और बस चलाने की हालत में नहीं था। करीब 45 यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, की जान खतरे में पड़ गई थी। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस में रवाना किया गया, बल्कि ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की गई।

08 और 09 जून की मध्यरात्रि करीब 2 बजे पुलिस थाना रक्कड़ को सूचना मिली कि बीड़-बिलिंग से दिल्ली जा रही Northern Traveller की वोल्वो बस थाना के समीप खराब हो गई है और चलने की स्थिति में नहीं है। सूचना मिलते ही उपमंडल पुलिस अधिकारी ज्वालामुखी और थाना प्रभारी रक्कड़ संदीप पटियाल की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मौके पर पुलिस ने पाया कि बस का ड्राइवर अत्यधिक नशे की हालत में है और बस को चलाने में असमर्थ है। बस में लगभग 45 यात्री, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, रात के अंधेरे में फंसे हुए थे, जिससे स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई थी।

पुलिस ने तत्परता से कार्य करते हुए यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की और सभी को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया। वहीं मौके पर ही ड्राइवर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 15,000 रुपए का चालान किया गया और बस कंपनी Northern Traveller के संचालक को यात्रियों का पूरा किराया वापस करने के निर्देश दिए गए।

जिला पुलिस देहरा ने सभी ट्रांसपोर्ट और टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों, ड्राइवरों और कंडक्टरों की नियमित जांच सुनिश्चित करें। यदि किसी तरह की लापरवाही पाई गई तो पुलिस द्वारा एमवी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

इस मामले की पुष्टि थाना प्रभारी रक्कड़ संदीप पटियाल ने की है।