➤ पाली पंचायत घर में घुसा फोरलेन का मलबा और पानी
➤ गांव, खेतों और सड़कों पर तबाही से लोग रातभर जागे
➤ ग्रामीणों ने चेताया, समाधान नहीं तो एनएच को करेंगे बंद
मंडी जिला के पद्धर उपमंडल की पाली पंचायत इन दिनों फोरलेन निर्माण की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही है। नारला से बिजनी तक बन रहे फोरलेन का बारिश का पानी और मलबा पंचायत घर में घुस गया, जिससे ना सिर्फ भवन क्षतिग्रस्त हुआ है, बल्कि गांव के खेतों, रास्तों और घरों को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। पंचायत घर को जोड़ने वाली सड़क भी पूरी तरह से टूट चुकी है और लोगों के लिए एनएच तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
पाली पंचायत की प्रधान जया स्वरूप के अनुसार, फोरलेन के निकासी प्रबंधन में भारी खामियां हैं, जिससे बारिश का पानी सीधे पंचायत क्षेत्र की ओर बहकर तबाही मचा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने दोपहर 2 बजे चह–मलोग की आमसभा में यह मुद्दा उठाया, जिसके बाद एक ज्ञापन एसडीएम पद्धर को भेजा गया है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो एनएच को बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि बच्चे, बुज़ुर्ग और अन्य ग्रामीण पैदल भी एनएच तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, क्योंकि सड़कों पर पानी, मिट्टी और पत्थरों ने चलना असंभव बना दिया है।
एसडीएम पद्धर सुरजीत सिंह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनी। उन्होंने एनएचएआई को तत्काल निर्देश जारी किए हैं और कहा कि प्रभावित क्षेत्र में जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन अब इस आपदा को नियंत्रित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर रहा है।



