Follow Us:

मशोबरा बालिका आश्रम में युवती का शव फंदे से लटका मिला

● मशोबरा बालिका आश्रम में युवती का शव फंदे से लटका मिला
● पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई
● भाजपा ने घटना की कड़ी निंदा की, निष्पक्ष जांच की मांग

पराक्रम चंंद, शिमला



हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में स्थित मशोबरा बालिका आश्रम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आश्रम में रह रही 19 वर्षीय युवती का शव सीढ़ियों के पास फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवती मूल रूप से चंबा जिले की रहने वाली थी, और वर्तमान में सरकारी देखरेख में आश्रम में निवास कर रही थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इस मामले को आत्महत्या मान कर जांच कर रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की गहनता से जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।

इस मर्मांतक घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री प्यार सिंह कंवर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि, “बालिका आश्रम जैसी जगह, जो बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण का स्थान है, वहां इस प्रकार की घटना बेहद चिंता का विषय है।”

बीजेपी ने इस घटना को न केवल दुखद, बल्कि व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला बताया है। पार्टी का कहना है कि सरकार को इस मामले को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि यह सरकारी आश्रय स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है।

श्री प्यार सिंह कंवर ने प्रशासन से अपील की कि इस प्रकरण में गहराई से जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और यदि किसी की लापरवाही या अनदेखी सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने साथ ही मांग की कि प्रदेश के सभी बालिका आश्रमों की सुरक्षा और मनोवैज्ञानिक देखभाल की स्थिति की तत्काल समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न दोहराई जाएं।

बीजेपी ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है और आश्वासन दिया है कि वह परिवार को न्याय दिलाने में हरसंभव साथ देगी।