-
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ
-
नशा मुक्त हिमाचल के संदेश के साथ भव्य शोभायात्रा और विकास प्रदर्शनी का आयोजन
-
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली को बताया विकास का राष्ट्रीय मॉडल
Haroli Festival 2025: तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 का शुभारंभ रविवार को कांगड़ मैदान, हरोली से भव्यता के साथ हुआ। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दीप प्रज्वलन कर उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उनकी पुत्री आस्था अग्निहोत्री, तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आरंभ प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री कॉलेज से निकली भव्य शोभायात्रा से हुआ, जिसने ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ के संदेश के साथ पूरे क्षेत्र में नशा मुक्त हिमाचल का आह्वान किया। यात्रा में स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों के छात्रों, सांस्कृतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं ने अपने रंग-बिरंगे प्रदर्शन से चार चाँद लगाए। देशभक्ति गीतों की गूंज ने वातावरण को गर्व से भर दिया।
राज्यपाल ने उत्सव स्थल पर विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का अवलोकन किया। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और ईट राइट मेले के पौष्टिक व्यंजन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
हरोली उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलन कर राज्यपाल ने शुभारंभ किया और हरोली की सामाजिक, सांस्कृतिक व विकासात्मक यात्रा को दर्शाती बहुरंगी स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने जोशीले संबोधन में कहा कि हरोली ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सिंचाई जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने बताया कि हरोली में ट्रिपल आईटी, तीन डिग्री कॉलेज, नर्सिंग और लॉ कॉलेज, और दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किए गए हैं। यहां से शिक्षा ग्रहण करने वाले युवा आज बड़े संस्थानों में उच्च पदों पर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय खोले गए हैं। हरोली क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल और सिंचाई परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगले दो दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सामाजिक विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस वर्ष के उत्सव में एलईडी लॉन्गमैन शो, रोबोट ट्रांसफार्मर, और अंतरराष्ट्रीय महिला ड्रम बैंड जैसे अनोखे आकर्षण भी शामिल हैं, जो दर्शकों के बीच रोमांच का संचार कर रहे हैं।
हरोली ने केवल विकास की नई इबारत लिखी है बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक बन गया है।