Follow Us:

गद्दी समुदाय के हित में बड़ा फैसला: मुआवजा और ऊन मूल्य बढ़ाने की तैयारी

सरकार गद्दी समुदाय के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
भेड़-बकरी के नुकसान पर मुआवजा बढ़ाने और ऊन के समर्थन मूल्य में इज़ाफे की तैयारी
धर्मशाला में राज्य ऊन संघ ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया



Gaddi Community:  हिमाचल प्रदेश राज्य ऊन संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में  समर्थकों ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का धर्मशाला आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गद्दी समुदाय के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि भेड़-बकरी के नुकसान पर दी जाने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत मैनुअल को संशोधित कर मुआवजे को अधिकतम स्तर तक बढ़ाया जाएगा ताकि पशुपालकों को उचित राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी बजट में ऊन के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि का प्रस्ताव शामिल किया जाएगा। इससे ऊन उत्पादकों को सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित होगा।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वन विभाग को निर्देश दिए कि वे गद्दी समुदाय के पारंपरिक चरागाह अधिकारों में हस्तक्षेप न करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी सांस्कृतिक और पारंपरिक आजीविका की रक्षा के लिए कृतसंकल्पित है।
कार्यक्रम में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक संजय अवस्थी, एपीएमसी के अध्यक्ष नीशू मुंगरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री को मनोज कुमार ने गद्दी समुदाय की वर्षों से लंबित मांगों से अवगत कराया और सरकार द्वारा उनकी प्राथमिकताओं को महत्व दिए जाने पर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गद्दी समुदाय हिमाचल की पहचान हैं और उनके उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।