Follow Us:

हिमाचल: सात महीने बाद बहाल हुआ कुंजुम दर्रा, कुल्लू-मनाली से फिर जुड़ेगा स्पीति

  • कुंजुम दर्रा सात महीने बाद बहाल, ग्रांफू-काजा मार्ग फिर खुला

  • बीआरओ ने वीरवार शाम पूरी की बर्फ हटाने की कार्रवाई

  • अभी प्रशासन को NOC जारी नहीं, निजी वाहन कर रहे हैं आवाजाही


केलांग, 23 मई — लाहौल-स्पीति के बीच 15,000 फीट ऊंचाई पर स्थित कुंजुम दर्रा को सात महीने बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) ने फिर से बहाल कर दिया है। इस बहाली से अब स्पीति घाटी का संपर्क कुल्लू-मनाली से एक बार फिर बहाल हो गया है। हालांकि अभी तक BRO द्वारा प्रशासन को आधिकारिक NOC जारी नहीं की गई है, बावजूद इसके कुछ निजी वाहन दर्रे से गुजरने लगे हैं

कुंजुम दर्रे से गुजरने वाला ग्रांफू-काजा मार्ग लाहौल और स्पीति को आपस में जोड़ता है। 2023 में यह मार्ग 29 मई को और 2024 में 15 मई को बहाल हुआ था। इस बार वीरवार शाम को BRO ने बर्फ हटाने का कार्य पूर्ण कर मार्ग बहाल किया।

डीएसपी काजा अजय भारद्वाज ने पुष्टि की कि मार्ग पर अब शुरुआती चरण में केवल फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी, वो भी प्रशासनिक निरीक्षण और BRO से NOC मिलने के बाद


पर्यटन को मिलेगी रफ्तार

कुंजुम दर्रे के बहाल होने से स्पीति घाटी के पर्यटन को नया जीवन मिलेगा। यह मार्ग न केवल स्थानीय लोगों की आवाजाही का मुख्य जरिया है, बल्कि घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए भी रोमांचक रूट है। हर साल गर्मियों में हजारों पर्यटक इस मार्ग से स्पीति जाते हैं।

हालांकि BRO ने बर्फ हटाने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक आधिकारिक रूप से वाहनों की अनुमति नहीं दी है, ताकि सुरक्षा और सड़क की स्थिरता की जांच पूरी हो सके।