➤ बाल मेले में स्व. जीएस बाली के योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि
➤ नगरोटा कॉलेज में 5 करोड़ की लागत से गर्ल्स हॉस्टल निर्माण का शिलान्यास
➤ कबाड़ी में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल पर भी होंगे 5 करोड़ खर्च
धर्मशाला, नगरोटा, 26 जुलाई। स्व. विकास पुरुष जीएस बाली की जयंती के अवसर पर नगरोटा में आयोजित भव्य बाल मेले में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन संपूर्ण प्रदेश के लिए समर्पण का प्रतीक रहा है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने नगरोटा कॉलेज में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास किया और क्षेत्र के कबाड़ी गांव में बनने वाले राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के लिए भी 5 करोड़ रुपये व्यय करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि जीएस बाली ने नगरोटा को शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाई। बाल मेला उन्हीं की सोच का जीवंत प्रमाण है जो हर वर्ष उनके जन्मदिवस पर हजारों लोगों को एक मंच पर जोड़ता है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में 850 शिक्षण संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित कर रही है ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा मिल सके।

उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से युक्त राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। नगरोटा विधानसभा में इसका निर्माण कबाड़ी गांव में होगा, जहां बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने परमार विद्यार्थी ऋण योजना और मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना की शुरुआत की है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए ऋण व सहायता प्रदान की जा रही है।
इस मौके पर पर्यटन निगम अध्यक्ष आरएस बाली ने शिक्षा मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि स्व. जीएस बाली ने नगरोटा को मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई, फार्मेसी कॉलेज और कई सरकारी स्कूलों के माध्यम से शिक्षा का हब बना दिया था। उन्होंने शिक्षा मंत्री द्वारा दी गई घोषणाओं के लिए धन्यवाद किया और कहा कि नगरोटा के लोग अपने प्रिय नेता की विकास दृष्टि को कभी नहीं भूलेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, बाल मेला कमेटी अध्यक्ष चौधरी मान सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



