Follow Us:

सरकार का लक्ष्य सभी जरूरतमंदों को न्याय देना: सुक्खू

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वंचित वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है

  • हमीरपुर स्ट्रीट वेंडर्स यूनियन ने खोखे तोड़े जाने पर मुख्यमंत्री से मिलकर जताया आभार

  • सरकार जरूरतमंदों को राहत और पुनर्वास देने का क्रम जारी रखेगी


Himachal Pradesh: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को न्याय और सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की आजीविका अन्यायपूर्ण तरीके से नहीं छीनी जानी चाहिए और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी जरूरतमंदों को राहत, पुनर्वास और अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री यह बात हमीरपुर स्ट्रीट वेंडर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल से संवाद करते हुए कह रहे थे। यूनियन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि लंबे समय से उनके साथ हो रहे अन्याय का संज्ञान लेकर अब उन्हें न्याय मिला है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उनके खोखे पहले मनमाने ढंग से तोड़े गए थे, जिससे वे अपनी आजीविका और आश्रय दोनों से वंचित हो गए थे। पूर्व में बार-बार अनुरोध के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने उनके पुनर्वास की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने भी कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों के चलते सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वंचित वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मानवीय दृष्टिकोण के साथ जनसमस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

इस अवसर पर एपीएमसी हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, राकेश वर्मा, सुनील कुमार, हर्ष कालिया, नीलम शर्मा और यूनियन के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

सोलन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की भेंट

सोलन विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक सुदर्शन बबलू, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।