-
हरोली उत्सव पहली बार राज्य स्तरीय पहचान के साथ भव्य रूप में आयोजित
-
10 से अधिक देशों के सांस्कृतिक प्रतिनिधियों ने दी प्रस्तुतियां
-
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से उत्सव को मिली वैश्विक रंगत
Haroli International Festival: ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में इस वर्ष पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय हरोली उत्सव ने नई ऊंचाइयों को छू लिया है। यह आयोजन उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पहल और दूरदर्शिता का परिणाम है, जिन्होंने वर्षों पूर्व इसकी राज्य स्तरीय पहचान की नींव रखी थी। इस बार का हरोली उत्सव न केवल सांस्कृतिक चेतना और जन भागीदारी का प्रतीक बना, बल्कि उसने वैश्विक संवाद के मंच की दिशा में भी कदम बढ़ा दिए।
उत्सव में जापान, ब्रिटेन, अर्जेंटीना, सऊदी अरब, ब्राज़ील, मैक्सिको, चीन, इंडोनेशिया और रूस समेत 10 से अधिक देशों की महिला सांस्कृतिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उनके पारंपरिक नृत्य, संगीत और कलात्मक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मंच पर जहां यूक्रेनियन ड्रम बैंड, फायर डांस, लाइट मैन और रोबोट मैन जैसे नवाचारपूर्ण और आधुनिक प्रस्तुतीकरण दिखाई दिए, वहीं लोक परंपरा की गूंज भी जीवंत रही।
वर्ष 2017 में जब श्री अग्निहोत्री ने इस आयोजन को राज्य स्तरीय मेले के रूप में पहचान देने की घोषणा की थी, तब यह एक दूर का सपना प्रतीत हो रहा था। सरकारी बदलाव के कारण यह प्रयास कुछ समय थमा रहा, लेकिन सात वर्षों के अंतराल के बाद स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की भावना के साथ यह उत्सव पुनः भव्यता के साथ जीवित हुआ।
उपमुख्यमंत्री के अनुसार, यह उत्सव न केवल स्थानीय संस्कृति का उत्सव है, बल्कि यह विश्व स्तर पर संवाद और सहभागिता का एक सशक्त मंच भी बनता जा रहा है। हरोली अब धीरे-धीरे सांस्कृतिक वैश्विकता के केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है।