➤ हरियाणा सरकार ने 10 ट्रक राहत सामग्री चंबा के लिए भेजी
➤ सीएम नायब सिंह सैणी ने दिखाई हरी झंडी, भाजपा सेवा को बताया संगठन का आधार
➤ राहत सामग्री में खाद्य सामग्री, तिरपाल, कंबल, गद्दे और जरूरी सामान शामिल
शिमला, 7 सितंबर 2025। हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के बीच हरियाणा सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने मानवीय सेवा का बड़ा उदाहरण पेश किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जानकारी दी कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने रविवार को पंचकूला भाजपा कार्यालय से 10 ट्रक राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर चंबा जिला के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
इस सामग्री को पंचकूला, अंबाला और आसपास के क्षेत्रों के दानी महापुरुषों द्वारा एकत्रित किया गया। राहत सामग्री में 186 क्विंटल चावल, 153 क्विंटल आटा, 20 क्विंटल नमक, 65 क्विंटल चीनी, 20 क्विंटल दाल, 25 किलो हल्दी, 750 किलो मसाले, 2400 लीटर तेल, 50 किलो चाय पत्ती, 1000 तिरपाल, 1021 कंबल, 1500 गद्दे, 2600 साबुन, 1200 पैकेट बिस्किट, 650 सैनेटरी पैड, बर्तन, टूथपेस्ट, पानी, मैगी, ओट्स और अन्य सामान शामिल है। यह सामग्री प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने कहा कि भाजपा हमेशा “सेवा ही संगठन” की भावना पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में आपदा प्रभावित क्षेत्रों की मदद करना पार्टी का कर्तव्य है। सैणी ने यह भी कहा कि हिमाचल में आई भारी वर्षा से बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है, कई गांव पूरी तरह तबाह हो गए हैं और पशुधन समेत लोगों को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
सैणी ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार हिमाचल की जनता के साथ हर मुश्किल समय में खड़ी है। इस अवसर पर डॉ. राजीव बिंदल ने हरियाणा सरकार और भाजपा हरियाणा संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग हिमाचल की जनता के लिए बेहद संबल देने वाला है।



