➤ केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश, 7 श्रद्धालुओं की मौत
➤ मौसम खराबी बनी हादसे की बड़ी वजह, दो साल का बच्चा भी शामिल
➤ चारधाम यात्रा में हेलिकॉप्टर सर्विस पर रोक, नियम होंगे और सख्त
Kedarnath Helicopter Crash: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। रविवार सुबह करीब 5:20 बजे केदारनाथ मंदिर से गौरीकुंड लौट रहा आर्यन एविएशन कंपनी का एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिससे पायलट समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर में सवार लोगों में दो महिलाएं, एक दो वर्षीय बच्चा और पायलट शामिल थे, जिनके शव पूरी तरह जले हुए मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खराब मौसम इस दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है।
मृतकों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और गुजरात के श्रद्धालु शामिल हैं। पायलट राजवीर सिंह जयपुर, राजस्थान के रहने वाले थे। हादसे के बाद SDRF और NDRF की टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए हेलिकॉप्टर सेवाओं को तत्काल रोकने और नियमों को सख्त करने के निर्देश दिए हैं।

यह दुर्घटना तब हुई जब हेलिकॉप्टर केदारनाथ से गौरीकुंड लौट रहा था और जंगलों में गिरकर जल गया। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि इससे पहले 7 जून को रुद्रप्रयाग में एक हेलिकॉप्टर को सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
मई माह में भी दो बड़े हेलिकॉप्टर हादसे हो चुके हैं – 8 मई को उत्तरकाशी में 6 लोगों की मौत हुई थी, वहीं 17 मई को केदारनाथ में एयर एंबुलेंस क्रैश हुई थी, जिसमें कोई जान हानि नहीं हुई।
इस हादसे ने 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की यादें भी ताजा कर दीं, जिसमें 241 लोगों की मौत हुई थी।

मरने वालों की सूची इस प्रकार है:
-
पायलट राजवीर सिंह (जयपुर, राजस्थान)
-
विक्रम सिंह रावत (ऊखीमठ, उत्तराखंड)
-
विनोद देवी (उत्तर प्रदेश)
-
तृष्टि सिंह (उत्तर प्रदेश)
-
राजकुमार सुरेश (गुजरात)
-
श्रद्धा राजकुमार जायसवाल (महाराष्ट्र)
-
काशी (2 वर्षीय बच्चा, महाराष्ट्र)

धामी सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और हेलिकॉप्टर उड़ानों को लेकर नए सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही है।



