Follow Us:

हिमाचल CM सुक्खू बोले- PM मोदी के फैक्ट गलत, कांग्रेस ने 20 महीने में 5 गारंटियां कीं पूरी

|

Chandigarh: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों को खारिज करते हुए उनके तथ्यों को गलत बताया। पंचकूला में कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र मोहन के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हिमाचल की चर्चा करते समय सही आंकड़े नहीं पेश किए।

CM सुक्खू ने बताया कि हिमाचल की पूर्व भाजपा सरकार ने चुनावी दौर में 5000 करोड़ रुपये की मुफ्त सुविधाएं बांटने का प्रयास किया, लेकिन जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा, “भाजपा ने टैक्सपेयर्स के पैसे से 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी, लेकिन हिमाचल की जनता ने फिर भी उन्हें नकार दिया।”

उन्होंने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल कर दिया गया है और अब तक 10 में से 5 गारंटियां पूरी हो चुकी हैं। महिलाओं को 1500 रुपये इंदिरा गांधी सुख समृद्धि योजना के तहत दिए जा रहे हैं और दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी तय किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं और झूठे बयान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भीषण आपदा के बावजूद केंद्र से कोई मदद नहीं मिली, फिर भी राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 23 हजार परिवारों को पुनर्वासित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार को गिराने के लिए भाजपा ने ऑपरेशन लोटस चलाया था। अंत में उन्होंने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्र मोहन के पक्ष में वोट देने की अपील की।इस दौरान हिमाचल कांग्रेस के विधायक राम कुमार चौधरी, केवल सिंह पठानिया, विनोद सुल्तानपुरी, सुदर्शन सिंह बबलू और सुरेश कुमार भी उनके साथ मौजूद थे।

 

पीएम मोदी ने हिमाचल सरकार पर साधा था निशाना
हरियाणा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने हिमाचल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेस ने झूठी गारंटियां देकर सत्ता हासिल की है और अब वे कोई वादा पूरा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों और पेंशनरों को वेतन और पेंशन देने में असमर्थता का भी आरोप लगाया था। CM सुक्खू ने पंचकूला में इन्हीं बयानों का जवाब दिया।

 

कांग्रेस हाईकमान ने सुक्खू को बनाया प्रभारी
कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुक्खू को हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों का प्रभारी बनाया है। हाल ही में उनकी तबीयत खराब होने के कारण वह कुछ दिनों के लिए चुनाव प्रचार से दूर रहे। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और वह अंतिम दौर में हरियाणा में चुनाव प्रचार करने पहुंचे हैं। पंचकूला से दिल्ली रवाना होने के बाद सुक्खू ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में जबरदस्त माहौल है और सरकार बनने के आसार मजबूत हैं।