Follow Us:

शिमला कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, सुक्खू-विक्रमादित्य समर्थकों में नारेबाजी, हंगामा

| Updated :

शिमला कांग्रेस कार्यालय में सुक्खू और विक्रमादित्य समर्थकों में नारेबाजी
कार्यकर्ताओं ने नहीं मानी अपील, लगभग दस मिनट तक चलता रहा हंगामा
भाजपा ने साधा निशाना, बोली कांग्रेस गुटों में बंटी और अस्थिर


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी शुक्रवार को शिमला स्थित राजीव भवन में खुलकर सामने आ गई। दरअसल ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान की सफलता के लिए यहां एक बैठक आयोजित की गई थी। जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, मंच पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सह प्रभारी चेतन चौहान और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस बीच अचानक माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

एक गुट मुख्यमंत्री सुक्खू के पक्ष में नारे लगा रहा था तो वहीं दूसरा गुट लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद कर रहा था। मंच पर बैठे मुख्यमंत्री और नेताओं ने बार-बार अपील कर कार्यकर्ताओं को शांत रहने के लिए कहा, मगर कार्यकर्ता अपनी जगह डटे रहे और लगभग दस मिनट तक हंगामा चलता रहा।

 

इस नारेबाजी से कांग्रेस की आंतरिक खींचतान फिर उजागर हो गई है। मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन गुटबाजी का असर साफ दिखाई दिया।

इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरने में देर नहीं लगाई। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गुटों में पूरी तरह बंटी है और शुक्रवार को इसका साफ सबूत शिमला में देखने को मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने अभियान का नाम बदलकर ‘चोर मचाए शोर’ रखना चाहिए।

पठानिया ने कांग्रेस पर चुनावी लाभ के लिए वोट शिफ्टिंग के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री की पत्नी ने चुनाव लड़ा था, तब भी हमीरपुर से बड़ी संख्या में वोट उनके क्षेत्र में शिफ्ट हुए थे। उस समय मुख्यमंत्री ने चुप्पी साध ली थी, लेकिन आज वोट चोरी की बातें कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा चोरी और झूठे नारों के सहारे राजनीति करती रही है।

शिमला कांग्रेस कार्यालय में हुआ यह हंगामा आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को और गरमा सकता है, क्योंकि गुटबाजी का यह खुला प्रदर्शन संगठन और सरकार दोनों की स्थिरता पर सवाल खड़े कर रहा है।