Follow Us:

बिजली बचाओ, सब्सिडी पाओ , जानें 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त रहेगी लेकिन इन शर्तों पर

  • हिमाचल में 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की योजना जारी रहेगी

  • 300 यूनिट से अधिक खपत करने वालों की सब्सिडी समाप्त कर दी गई

  • बिजली की दरें 12 से 20 पैसे प्रति यूनिट तक घटाई गईं


Himachal Electricity Subsidy : हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली मुफ्त बिजली योजना को यथावत रखने का फैसला किया है। अब भी हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि इस पर कोई कटौती नहीं होगी। इससे करीब 22 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। हालांकि, बिजली की खपत अधिक करने वाले उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। अब जो उपभोक्ता 300 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करेंगे, उन्हें प्रति यूनिट 5.90 रुपये भरने होंगे क्योंकि उनकी एक रुपये प्रति यूनिट वाली सब्सिडी समाप्त कर दी गई है

राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने बिजली दरों में 15 पैसे प्रति यूनिट की कटौती की है। इसके बाद सरकार ने भी उसी के अनुरूप सब्सिडी में कटौती करते हुए बिजली की नई दरें लागू की हैं। इसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 0-60 और 61-125 यूनिट तक पूरी सब्सिडी बरकरार है, जिससे उनका बिल शून्य होगा। लेकिन 126-300 यूनिट वाले स्लैब पर 1.73 रुपये की सब्सिडी मिलेगी, जिससे उपभोक्ता को 4.17 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा।

इसके अलावा, सरकार ने कृषि और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी सस्ती बिजली देने की योजना बनाए रखने का संकेत दिया है। हालांकि इस पर औपचारिक आदेश आना बाकी है। बिजली दरों में घरेलू श्रेणी में 15 पैसे, व्यावसायिक श्रेणी में 12 पैसे और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए 20 पैसे की कमी की गई है। डिमांड चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सरकार की इस नीति के तहत समृद्ध वर्ग से सब्सिडी छोड़ने की अपील भी जारी है। अब तक 16,822 उपभोक्ता स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ चुके हैं, जिनमें सरकार अधिकारी, पेंशनर्स और आम नागरिक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सब्सिडी त्यागी है और उच्च अधिकारियों तथा मंत्रियों को भी इससे बाहर कर दिया गया है।