Follow Us:

कांग्रेस सरकार ने रोका डीए, 2,000 करोड़ से अधिक पहुंच गई देनदारी: जयराम

➤ जयराम ठाकुर का आरोप- कांग्रेस सरकार कर रही कर्मचारियों से अन्याय
➤ 11% से ज्यादा डीए और 2000 करोड़ का एरियर बकाया
➤ आश्वासन न मिलने पर भाजपा विधायक दल ने सदन से किया वॉकआउट


हिमाचल विधानसभा में गुरुवार को कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता (डीए) बड़ा मुद्दा बन गया। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर कर्मचारियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्मचारियों के सहयोग के दम पर सरकार बनाई, लेकिन अब उन्हीं को उनका हक नहीं दिया जा रहा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 11% से ज्यादा डीए रोक रखा है, जिससे कर्मचारियों का करीब 2000 करोड़ रुपये का एरियर लंबित पड़ा है। सदन में मुख्यमंत्री के बयान से साफ हो गया है कि सरकार डीए देने के मूड में नहीं है। इस पर भाजपा विधायक दल ने सदन से वॉकआउट किया।

मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हर बार मुद्दों को टालते हुए पूर्व सरकार पर ठीकरा फोड़ देते हैं। ढाई साल से ज्यादा हो गए इस सरकार को बने, लेकिन अब भी विपक्ष को जिम्मेदार ठहराना बेशर्मी है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में सीएम ने मई से डीए की एक किस्त देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अगस्त खत्म होने को है और अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई।

नेता विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि कर्मचारियों के मेडिकल बिल भी ढाई साल से अटके पड़े हैं, जिससे कर्मचारी इलाज के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की सरकार के समय भी डीए लंबित था, जिसे भाजपा सरकार ने जारी किया था। इसलिए यह सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन मौजूदा सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर केवल राजनीति कर रही है।