Follow Us:

हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल को रिज मैदान पर हर्षोल्लास से मनाया जाएगा

  • शिमला पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड की आकर्षक परेड होगी

  • सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूलों के छात्र-छात्राएं देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां


Himachal Day Celebrations: हिमाचल दिवस का जिला स्तरीय समारोह इस वर्ष 15 अप्रैल, 2025 को ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान एक विशेष परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिमला पुलिस, यातायात पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, एसडीआरएफ और भारतीय पुलिस रिजर्व वाहिनी के अतिरिक्त आपदा मित्र भी भाग लेंगे। इस परेड का पूर्वाभ्यास 11 अप्रैल, 2025 से प्रारंभ होगा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। समारोह को यादगार बनाने के लिए भव्य सजावट और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समारोह के सभी निमंत्रण पत्र समय पर भेजे जाएंसमारोह स्थल की सफाई और उचित सजावट सुनिश्चित की जाएबैठने की समुचित व्यवस्था हो, ताकि आमंत्रित अतिथियों और आगंतुकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी विभाग आपसी समन्वय से तय समय सीमा के भीतर तैयारियों को पूरा करें

बैठक का संचालन सहायक आयुक्त गोपाल चंद शर्मा ने किया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी (शिमला ग्रामीण) कविता ठाकुर, उपमंडल दंडाधिकारी (शिमला शहरी) भानु गुप्ता, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।