➤ आपदा से हिमाचल को 5 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान, केंद्र से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग
➤ भाजपा सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर मदद सुनिश्चित करने की अपील
➤ कुलदीप राठौर ने पूर्व सीएम शांता कुमार पर साधा निशाना, राहुल गांधी पर टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही प्राकृतिक आपदा ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे को गहरा नुकसान पहुंचाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि आपदा से अब तक लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है और हालात को देखते हुए यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस नुकसान की भरपाई और राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार का विशेष आर्थिक पैकेज जरूरी है।
राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा के समय पूरी तत्परता से राहत और बचाव कार्य में जुटी है, लेकिन केंद्र का सहयोग बेहद अहम है। उन्होंने भाजपा सांसदों से अपील करते हुए कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे केंद्र से हिमाचल को विशेष आर्थिक मदद दिलवाएं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को एकजुट होकर प्रदेश की जनता की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया और कहा कि अवैध कटान और खनन पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। साथ ही, सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर निगरानी रखना भी बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के नुकसान से बचा जा सके।
पत्रकार वार्ता में कुलदीप राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि शांता कुमार द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस उम्र में उन्हें सोच-समझकर बयान देना चाहिए। राठौर ने आरोप लगाया कि शांता कुमार न तो एक सफल मुख्यमंत्री साबित हो पाए और न ही अपने कार्यकाल को सम्मानजनक तरीके से पूरा कर सके। उनके शासनकाल में सेब बागवानों पर हुए अत्याचार और गोलीकांड आज भी लोगों की यादों में ताजा हैं।
राठौर ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी का किसी भी स्तर पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और शांता कुमार को अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।



