➤ जल शक्ति विभाग को अकेले 500 करोड़ का नुकसान, सबसे अधिक सराज क्षेत्र प्रभावित
➤ कांग्रेस आपदा में नहीं करती राजनीति, जयराम का दर्द भी जायज बताया
➤ कांग्रेस संगठन गठन में देरी नहीं होनी चाहिए, HRTC मुद्दों पर सरकार गंभीर
हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में हालिया प्राकृतिक आपदा से अकेले जल शक्ति विभाग को 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, जिसमें से सबसे अधिक 200 करोड़ का नुकसान मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार युद्धस्तर पर पुनर्वास और मरम्मत कार्यों में जुटी है, विशेषकर पानी की योजनाओं को दुरुस्त करने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं, लेकिन इस भारी नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से विशेष मदद की आवश्यकता है।
मुकेश अग्निहोत्री ने सराज विधानसभा क्षेत्र में राहत कार्यों पर जोर देते हुए कहा कि विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर इस क्षेत्र से आते हैं और उनका इस नुकसान को लेकर दर्द वाजिब है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस आपदा के समय राजनीति नहीं करती, बल्कि बिना भेदभाव हर प्रभावित क्षेत्र तक राहत पहुँचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू केंद्र से मदद की मांग को लेकर दिल्ली में हैं और वे स्वयं भी दिल्ली रवाना होंगे।
कांग्रेस संगठनात्मक ढांचे को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब संगठन के गठन में अधिक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष कौन बनेगा, यह पार्टी आलाकमान तय करेगा, लेकिन कार्यकारिणी को लेकर सभी नेता अपने विचार रख चुके हैं। जल्द ही प्रदेश कांग्रेस को पूर्णकालिक अध्यक्ष मिलने की उम्मीद है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
HRTC चालकों व परिचालकों की लंबित देनदारियों के संबंध में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सैलरी और पेंशन समय पर दे रही है, लेकिन कुछ आर्थिक भुगतान लंबित हैं जिन्हें HRTC के एमडी के साथ मिलकर सुलझाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूरी तरह संजीदा है और इस दिशा में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।



