Follow Us:

विधानसभा अध्यक्ष ने चंबा में 26वीं वन खेल एवं ड्यूटी मीट का शुभारंभ किया

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चंबा चौगान में 26वीं राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट का शुभारंभ किया
800 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं
जलवायु परिवर्तन के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने पर दिया जोर


चंबा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट-2025 का भव्य शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रतिभागियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर विधायक नीरज नैय्यर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस प्रतियोगिता में वन विभाग के 11 वन वृत्त, वन मुख्यालय शिमला, और वन्य प्राणी प्रभाग के 800 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा वन संपदा के संवर्धन और संरक्षण में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल कर्मियों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को बढ़ाते हैं बल्कि आपसी सद्भाव और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने जलवायु परिवर्तन को मानवता के लिए गंभीर चुनौती बताया और कहा कि अब इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 6000 से अधिक निराश्रित बच्चों के अभिभावक बनकर सामाजिक कल्याण की मिसाल कायम की है। उन्होंने आकांक्षी जिला चंबा के विकास के लिए विशेष कार्य नीति निर्धारण की आवश्यकता पर बल दिया।

पठानिया ने कहा कि केंद्र सरकार को राज्य की जल विद्युत परियोजनाओं से भारी राजस्व तो मिल रहा है, लेकिन राज्य को उसका अनुपातिक लाभांश नहीं मिल पा रहा। उन्होंने बैरा-सियूल और चमेरा चरण-एक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने वन अधिकार अधिनियम में संशोधन का मामला कई बार केंद्र के समक्ष उठाया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।

उन्होंने प्रतिभागियों से टीम भावना और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने खेल एवं ड्यूटी मीट स्मारिका और जैव विविधता पुस्तिका का भी विमोचन किया।

इस मौके पर विधायक नीरज नैय्यर ने भी कहा कि ऐसे आयोजन विभागीय कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि हार-जीत से अधिक सहभागिता की भावना महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद ने प्रतियोगिता की जानकारी साझा की, जबकि अरण्यपाल राकेश कुमार ने स्वागत भाषण और वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम में वनमित्र दल और स्थानीय सांस्कृतिक समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।

इस दौरान जिला अध्यक्ष ललित ठाकुर, सदस्य सुरजीत भरमौरी, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, एसपी अभिषेक यादव, एसडीएम प्रियांशु खाती, और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।