Follow Us:

हिमाचल की सात बेटियां यूथ एशियन गेम्स हैंडबाल टीम में शामिल

हिमाचल की सात बेटियां चुनी गईं यूथ एशियन गेम्स हैंडबाल टीम में
21 से 31 अक्तूबर तक बहरीन में होगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता
कनिष्का बनीं कप्तान, शिक्षा-गरिमा-मुस्कान-नेहा-रिधिमा-शिवानी भी टीम में शामिल


हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने एक बार फिर खेलों की दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। यूथ एशियन गेम्स हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल की सात प्रतिभाशाली बेटियों का चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता 21 से 31 अक्तूबर तक बहरीन में आयोजित होगी।

शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने इन सभी खिलाड़ियों को अपने कार्यालय में सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित बेटियां माध्यमिक पाठशाला मोरसिंगी की छात्राएं हैं। खास बात यह है कि इन खिलाड़ियों ने पूर्व में ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में आयोजित जूनियर एशियन हैंडबाल चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया था और शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए टीम को क्वालीफाई कराया था।

टीम की कप्तान कनिष्का को बनाया गया है, जबकि शिक्षा, गरिमा, मुस्कान, नेहा, रिधिमा और शिवानी बतौर खिलाड़ी टीम का हिस्सा होंगी। इनका चयन न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। इन बेटियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति जुनून ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटे से गांव और स्कूल की बेटियां भी बड़े-बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा अवसर भी।