Follow Us:

पीएम दौरे के बीच मंडी और चंबा के अस्‍पतालों को बम से उड़ाने की मिली धमकी का जानें क्‍या है सच


प्रारंभिक जांच में धमकी तमिलनाडु सीएम ऑफिस और मेडिकल कॉलेज से जुड़ी निकली
पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन परिसर खाली करवाकर बम स्क्वॉड से जांच शुरू की


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक को मंगलवार को उस समय बम से उड़ाने की धमकी मिली जब एक ईमेल इसकी आधिकारिक आईडी पर प्राप्त हुआ। जैसे ही यह सूचना फैली, कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया। तुरंत अस्पताल परिसर को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया।

हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी का वास्तविक लक्ष्य तमिलनाडु का सीएम ऑफिस और वहां का आरजीजीईसी मेडिकल कॉलेज था। ईमेल में स्पष्ट रूप से लिखा गया कि पहले कॉलेज और उसके 45 मिनट बाद सीएम ऑफिस में विस्फोटक लगाए जाएंगे। हालांकि, ईमेल गलती से नेरचौक मेडिकल कॉलेज की आधिकारिक आईडी पर भी भेज दिया गया, जिसके चलते यहां सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात बरता।

ईमेल में केवल धमकी ही नहीं बल्कि राजनीतिक नेताओं, पत्रकारों और दलालों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही इसमें अनाथ आश्रम के बच्चों का भी उल्लेख किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह ईमेल अन्ना यूनिवर्सिटी के छात्रों और पूर्व छात्रों के नाम से जारी किया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी हिमाचल में हाईकोर्ट, प्रदेश सचिवालय और डीसी कार्यालयों को कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार एहतियातन जांच के बाद मामला फर्जी निकला, लेकिन अभी तक इस तरह के ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या गिरोह का पता नहीं चल पाया है।

इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और साइबर अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।