➤ हिमाचल मानव विकास रिपोर्ट 2025 जारी
➤ SDG इंडेक्स में देश के टॉप-5 राज्यों में हिमाचल
➤ सीएम बोले पर्यावरण अनुकूल विकास पर जोर
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानव विकास रिपोर्ट 2025 जारी की है। यह रिपोर्ट पर्यावरण, विज्ञान एवं तकनीकी तथा जलवायु परिवर्तन विभाग ने UNDP के सहयोग से तैयार की है। हिमाचल प्रदेश ने सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में भारत के शीर्ष पांच राज्यों में जगह बनाई है। वर्ष 2023-24 के मूल्यांकन में राज्य का समग्र स्कोर 77 दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि 2011 से हिमाचल का PCI (प्रति व्यक्ति आय) लगभग तीन गुना बढ़ा है।
रिपोर्ट के अनुसार, 16 में से 9 SDG लक्ष्यों में हिमाचल ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। खासतौर पर किफायती और स्वच्छ ऊर्जा, स्वच्छ जल व स्वच्छता, सम्मानजनक कार्य और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में हिमाचल आगे है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य पर्यावरण संरक्षण के साथ अनुकूल विकास का मॉडल पेश कर रहा है और यह UNDP की रिपोर्ट में भी देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, जो पर्यावरणीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ग्लोबल वार्मिंग के कारण हिमाचल में तापमान बढ़ रहा, मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है, जिससे आपदाएं बढ़ी हैं। इनसे निपटने के लिए सरकार ठोस रोडमैप पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में आई आपदा के लिए 1500 करोड़ रुपये राहत राशि देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक यह राशि प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दिल्ली जाकर इस फंड की हिमाचल को प्राप्ति के लिए पैरवी करें, सरकार भी साथ चलने को तैयार है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि वे दिल्ली जाकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। वे OPS लागू करने के बाद 1600 करोड़ रुपये अतिरिक्त कर्ज पर लगी रोक हटाने का आग्रह करेंगे। साथ ही 2 प्रतिशत अतिरिक्त कर्ज छूट देने की भी मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि GST क्षतिपूर्ति जून 2022 से बंद होने के कारण राज्य को फार्मा हब से हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। पहले जहां 3500 करोड़ मिलता था, अब महज 150 करोड़ मिल रहा है। वित्त मंत्री के समक्ष यह मुद्दा भी मजबूती से उठाया जाएगा।



