Follow Us:

कबड्डी वर्ल्ड कप: हिमाचल की छह बेटियों का अंतिम कोचिंग कैंप में चयन

हिमाचल की छह बेटियों का कबड्डी वर्ल्ड कप के लिए कोचिंग कैंप में चयन
चार खिलाड़ी धर्मशाला स्थित साई सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं
तीन से दस अगस्त तक हैदराबाद में होगा महिला कबड्डी विश्व कप


कबड्डी विश्व कप 2025 के लिए भारतीय महिला टीम के अंतिम चयन को लेकर आयोजित कोचिंग कैंप में हिमाचल प्रदेश की छह बेटियों का चयन हुआ है। यह प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी अब भारत का प्रतिनिधित्व करने की दौड़ में अंतिम चरण तक पहुंच चुकी हैं।

यह कोचिंग कैंप हैदराबाद में 3 से 10 अगस्त तक होने वाले महिला कबड्डी विश्व कप से पहले आयोजित किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इन छह में से पांच से छह खिलाड़ियों को टीम इंडिया में स्थान मिल सकता है।

चयनित खिलाड़ियों में पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, चंपा, भावना, साक्षी शर्मा और रितु नेगी का नाम शामिल है। इन छह में से चार खिलाड़ी—पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, चंपा और भावना—भारतीय खेल प्राधिकरण धर्मशाला (साई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में प्रशिक्षण ले रही हैं।

रितु नेगी भारतीय रेलवे की ओर से खेलती हैं, जबकि साक्षी शर्मा हिमाचल प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करती हैं। इससे पहले भी इन खिलाड़ियों ने एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भारत की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक जीते थे, जो उनकी कौशल, परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है।

भारतीय खेल प्राधिकरण धर्मशाला की कबड्डी कोच पूजा ठाकुर ने भी इस उपलब्धि को सराहा और उम्मीद जताई कि इन खिलाड़ियों में से अधिकांश अंतिम भारतीय टीम में शामिल होंगी।

कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल में हिमाचल की बेटियों का यह प्रदर्शन राज्य में महिला खेल विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।