Follow Us:

हिमाचल भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड में होंगे 150 श्रमिक मित्र नियुक्त


➤ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में 150 श्रमिक मित्र नियुक्त होंगे
कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और सोलन में लेबर चौक बनाए जाएंगे
➤ पंजीकृत मजदूरों को ई-श्रम पोर्टल से जोड़ा जाएगा और वित्तीय सहायता दी जाएगी



शिमला, 6 सितंबर 2025। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने शनिवार को शिमला में आयोजित 51वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कामगारों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए 150 श्रमिक मित्र मोटिवेटर के तौर पर आउटसोर्स आधार पर नियुक्त किए जाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हमीरपुर में बोर्ड मुख्यालय के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित की जाए और जिला भोरंज में नया उप-कार्यालय खोला जाए। कामगारों की सुविधा के लिए कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और सोलन जिलों में लेबर चौक बनाए जाएंगे। साथ ही, शिमला में मजदूर कल्याण कार्यालय के लिए स्थायी भवन उपलब्ध कराने का मामला हिमुडा से उठाने को कहा गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मजदूरों और उनके आश्रितों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि उनकी कौशल क्षमता बढ़ाई जा सके। साथ ही, बोर्ड के पंजीकृत मजदूरों को ई-केवाईसी प्रक्रिया के तहत अपडेट करने और ई-श्रम पोर्टल से जोड़ने का कार्य तेज़ किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड का डेटा डिजिटलाइज किया जाएगा।

बोर्ड ने यह भी तय किया कि हमीरपुर जिले में उचित मूल्य की दुकानों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बोर्ड की योजनाओं के प्रचार के लिए होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। वहीं, आपदा प्रभावित मजदूरों को सरकार की योजनाओं के अनुरूप वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह सहायता 10 प्रतिशत अतिरिक्त राशि के साथ सह-समाप्ति आधार पर दी जाएगी।

एक अहम निर्णय में बोर्ड ने मजदूरों के दावों की समय सीमा को 6 महीने से बढ़ाकर 1 वर्ष कर दिया है। साथ ही, आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में गैर-सरकारी सदस्य रविंद्र सिंह रवि, भूपेंद्र सिंह, जे.सी. चौहान, प्रदीप कुमार, विशेष सचिव वित्त विजय वर्धन, सचिव व मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार और अतिरिक्त सचिव विधि आर.एस. तोमर मौजूद रहे।