➤ कुल्लू के निरमंड में लैंडस्लाइड से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत
➤ मानसून सीजन में अब तक 378 लोगों की मौत, 4156 करोड़ की संपत्ति नष्ट
➤ प्रदेश में 680 सड़कें बंद, किसानों-बागवानों की फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहीं
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में लैंडस्लाइड ने एक ही परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बीते दिन हुए इस हादसे में परिवार के आठ सदस्य मलबे में दब गए थे, जिनमें से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में परिवार की महिला, बेटा-बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। आज शमानी खड्ड में इन सभी का अंतिम संस्कार किया गया, जहां एक ही आंगन से पांच अर्थियां उठीं और पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई।
मृतकों में शिवराम की पत्नी तृप्ता देवी, बेटा चुन्नी लाल, बहू अंजना, पोता भूपेश (5) और पोती जागृति (7) शामिल हैं। गांववालों ने नम आंखों से अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। शवों को मुखाग्नि शिवराम के दूसरे बेटे श्याम लाल ने दी। हादसे के समय श्याम लाल रामपुर में अपने परिवार के साथ था, जिससे उसकी जान बच गई।
हादसे में शिवराम समेत तीन लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया है और प्रभावित इलाके के अन्य मकानों को भी खाली करवा लिया है।
इस साल का मानसून प्रदेश के लिए कहर लेकर आया है। अब तक 378 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 76 लोग बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के शिकार बने हैं। आंकड़े बताते हैं कि इस मानसून में अब तक 137 भूस्खलन, 97 बाढ़ और 45 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं।

प्रदेश में 680 सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों का संपर्क टूटा हुआ है। करीब 150 से अधिक रूट ऐसे हैं जहां बीते 15 दिनों से बस सेवा बंद है। किसान-बागवानों की फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहीं, जिससे आर्थिक नुकसान और बढ़ गया है।
बारिश ने इस बार सभी जिलों में सामान्य से अधिक बरसात दी है। मंडी जिला में सर्वाधिक 1710.9 मिलीमीटर, कांगड़ा में 1698.2, सिरमौर में 1577.7 और शिमला में 1181.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। प्रदेश भर में अब तक 4156 करोड़ की संपत्ति का नुकसान दर्ज किया गया है। इसमें 1237 घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं जबकि 5317 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हैं।
हालांकि, मौसम विभाग ने आज और कल बारिश का अलर्ट नहीं जारी किया है, लेकिन 12 से 14 सितंबर तक यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।



