Follow Us:

शिक्षा में हिमाचल की बड़ी छलांग, परख सर्वे में देश में पांचवां स्थान

➤ हिमाचल शिक्षा सर्वे में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंचा
➤ सरकार की नीतियों और मॉक टेस्ट का मिला लाभ
➤  7 हजार से ज्यादा शिक्षकों की नई भर्तियां हुईं

पराक्रम चंद,  शिमला



हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था ने पूरे देश में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण ‘परख’ 2025 के नतीजों में हिमाचल प्रदेश ने 21वें स्थान से छलांग लगाकर 5वां स्थान हासिल कर लिया है। यह प्रदेश के लिए शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता मानी जा रही है। साल 2021 में हिमाचल को 21वां स्थान मिला था, लेकिन इस बार 16 राज्यों को पीछे छोड़ते हुए टॉप 5 में अपनी जगह बनाई है।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि यह कामयाबी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार की बेहतर नीतियों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि सरकार ने राष्ट्रीय सर्वेक्षण परख की तैयारी के लिए प्रदेशभर में तीन मॉक टेस्ट आयोजित किए। इसका असर यह हुआ कि बच्चों की दक्षता और आत्मविश्वास में जबरदस्त सुधार आया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार स्कूलों की पढ़ाई का स्तर और ऊंचा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसके लिए शिक्षकों की कमी को दूर करने पर जोर दिया गया। हिमाचल में  शिक्षकों की नई भर्तियां की गई हैं। इसके अलावा 4000 के करीब बैच वाइस भर्तियां और 900 शिक्षकों की भर्ती समग्र शिक्षा अभियान के तहत हो रही हैं। कुल मिलाकर अब तक 7000 से ज्यादा पद भरे जा रहे हैं।

राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बढ़ी रैंकिंग ने साबित किया है कि शिक्षा सुधार के फैसलों का सीधा असर बच्चों के प्रदर्शन पर पड़ा है। शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में देश के टॉप राज्यों में शामिल रहेगा।