➤हिमाचल में मानसून से 69 मौतें और 700 करोड़ का नुकसान
➤कंगना के बयान पर CM बोले- जयराम ठाकुर उनसे खुद बात करें
➤बेघर हुए लोगों को किराए के मकान के लिए 5 हजार सहायता
पराक्रम चंद, शिमला
हिमाचल की भीषण आपदा में राहत कम, सियासत ज्यादा गर्म है। मंडी से सांसद कंगना रनौत और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टाल रहे हैं। कंगना ने गैरमौजूदगी के सवाल पर जयराम को ही कठघरे में खड़ा कर दिया, तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने भी तंज कसते हुए कहा—“जयराम ठाकुर को गुस्सा आ रहा है तो खुद कंगना से बात करें, यह वक्त राजनीति का नहीं, मदद का है।”
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में मानसून की तबाही से हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रदेश में लगातार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि अब तक 69 लोगों की मौत, 110 लोग घायल और 37 लोग लापता हैं।
मुख्यमंत्री ने शिमला में आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कुल नुकसान का आंकड़ा लगभग 700 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। हालांकि, आपदा प्रबंधन विभाग ने इसे 495 करोड़ रुपये के आसपास बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 404 ट्रांसफार्मर ठप हैं, 784 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं और 246 सड़कें भूस्खलन से बंद पड़ी हैं। अकेले मंडी में ही 145 सड़कें ठप हैं।
उन्होंने बताया कि 18 घर पूरी तरह तबाह हुए हैं और 70 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। 198 गौशालाएं भी बह गईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि हालात की गंभीरता के मद्देनजर बेघर हुए लोगों को किराए के मकान के लिए 5 हजार रुपये प्रति माह सहायता दी जाएगी।
गृह मंत्री अमित शाह से हुई बातचीत में उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सेना ने हेलीकॉप्टर भेजे हैं लेकिन खराब मौसम के चलते उड़ान संभव नहीं हो पा रही। फिलहाल खच्चरों और नेपाली मजदूरों की मदद से दुर्गम इलाकों में राशन पहुंचाया जा रहा है।
इस बीच भाजपा सांसद कंगना रनौत की गैरमौजूदगी और सोशल मीडिया पोस्ट पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, “जयराम ठाकुर कंगना से खुद बात करें, उन्हें बहुत गुस्सा आ रहा है। यह राजनीति का समय नहीं है बल्कि राहत कार्यों का समय है।”
उन्होंने साफ किया कि जयराम ठाकुर का फोन उन्होंने उठाया और इस आपदा से मिलकर निपटना सभी का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने आपदा को लेकर गृह मंत्री के सहयोग के प्रति आभार जताया और प्रदेशवासियों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की।



