➤हिमाचल में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
➤सरकार ने प्रशासन को पूरी तैयारी के निर्देश दिए
➤बेघरों को हर माह 5000 रुपये किराया सहायता
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की बेमौसम और अत्यधिक बारिश ने हालात और अधिक गंभीर बना दिए हैं। बीते कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से प्रदेश अभी उबर भी नहीं पाया है कि मौसम विभाग ने एक बार फिर मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार ने प्रशासन को हर संभावित स्थिति से निबटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने जानकारी दी कि सराज क्षेत्र में अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में खच्चरों के माध्यम से खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान भेजा जा रहा है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और राहत-बचाव कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग बारिश और भूस्खलन से बेघर हो गए हैं, उन्हें हर माह 5000 रुपये किराया सहायता दी जाएगी ताकि वे सुरक्षित स्थान पर अस्थाई तौर पर रह सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री को मंडी भेजा गया है, ताकि हालात का जायजा लेकर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें। जैसे ही मौसम की स्थिति में सुधार होगा, वे स्वयं मौके पर जाकर हालात की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है।



