Follow Us:

हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में जल्द मिलेंगी 300 प्रशिक्षित नर्सें

➤ हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों को जल्द मिलेंगी 300 प्रशिक्षित नर्सें
➤ IGMC, टांडा, नाहन सहित छह संस्थानों में होगी नियुक्ति
➤ अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी दूर करने की दिशा में अहम कदम



हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी को दूर करने के लिए सरकार ने 300 प्रशिक्षित नर्सों की नियुक्ति का निर्णय लिया है। ये नर्सें आउटसोर्स प्रक्रिया के तहत भर्ती की जा रही हैं, और साक्षात्कार के बाद चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया जारी है

इनकी तैनाती इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी), टांडा, हमीरपुर, नाहन, चंबा, नेरचौक और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में की जाएगी। हर संस्थान में 40 से 50 नर्सों की नियुक्ति प्रस्तावित है। करीब 10,000 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया, जिससे इस भर्ती प्रक्रिया की प्रतिस्पर्धा का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद तीन निजी कंपनियों को टेंडर दिए गए हैं, जो इस प्रक्रिया को अंजाम दे रही हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुसार ICU और CCU में नर्स और मरीज का अनुपात 1:1 या 1:2 होना चाहिए, लेकिन प्रदेश के अस्पतालों में यह अनुपात बेहद खराब है, जहां एक नर्स को 15 से 18 मरीजों की देखभाल करनी पड़ रही है। स्टाफ की यह भारी कमी न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर रही थी, बल्कि कार्यरत नर्सों पर भी अत्यधिक दबाव डाल रही थी

स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा ने बताया कि सरकार ने इस कमी को दूर करने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं और नर्सों की तैनाती शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अस्पतालों में अन्य पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है