Follow Us:

देशभर में मानसून का कहर, हिमाचल-उत्तराखंड सबसे ज्यादा प्रभावित

➤ हिमाचल में भारी वर्षा के मद्देनजर स्कूल बंद करने के आदेश जारी
➤ मुख्यमंत्री सुक्खू ने डीसी को रेड अलर्ट वाले जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए
➤ देशभर में मानसून तय समय से पहले सक्रिय, हिमाचल रहेगा प्राथमिकता पर



भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी की है कि इस सप्ताह देशभर में मूसलाधार वर्षा का सिलसिला चलेगा। हिमाचल प्रदेश से अरुणाचल और पंजाब से कर्नाटक तक रेड और यलो अलर्ट जारी किए गए हैं। इस बार मानसून ने रिकॉर्ड तेजी से पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया। तय समय से नौ दिन पहले मानसून सक्रिय हो गया, जिससे उत्तर, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर बना हुआ है।

हिमाचल प्रदेश को विशेष प्राथमिकता पर रखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार देर रात सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि रेड अलर्ट वाले जिलों में सभी स्कूल तुरंत बंद किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले 24 घंटों में विस्तृत वर्षा गतिविधि की संभावना जताई है। विशेषकर सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट लागू है। बीते 24 घंटों में कई क्षेत्रों में तेज बारिश और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। अगले दो दिन और भी संवेदनशील बताए जा रहे हैं।

उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार समेत नौ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में लगातार बारिश से कई स्कूल और आवासीय परिसर जलमग्न हैं। ओडिशा में उत्तरी जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बालासोर और मयूरभंज हाई अलर्ट पर हैं।

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी भारी बारिश का दौर जारी है। चंडीगढ़ में रविवार को 119.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। उत्तरप्रदेश में मानसून की जोरदार वापसी हुई है, 35 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। मध्यप्रदेश में तीन दिन अत्यधिक वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है।

आईएमडी का कहना है कि इस साल परिस्थितियां औसत से अधिक वर्षा के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। सरकारें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और आमजन से अपील की है कि अनावश्यक रूप से नदियों और पहाड़ी क्षेत्रों में ना जाएं।


ज़िला प्रशासन सोलन की चेतावनी: भारी वर्षा को देखते हुए नदियों-नालों से दूर रहें


सोलन। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोलन ने आम जनमानस को सावधानी बरतने की अपील की है। हाल ही में हो रही निरंतर भारी वर्षा को देखते हुए प्राधिकरण ने विशेष रूप से अभिभावकों से अनुरोध किया है कि यदि स्कूल जाने के रास्ते में नदी या नाला आता है, तो कृपया बच्चों को स्कूल न भेजें, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

हालांकि, खराब मौसम के बावजूद सोलन ज़िले में विद्यालय बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। फ़िर भी ज़िला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदियों-नालों और अन्य जल स्रोतों के आसपास न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें।

“आपकी सुरक्षा, आपके हाथ में है – सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”, इस संदेश के साथ प्राधिकरण ने लोगों को सचेत किया है कि किसी …