➤ हिमाचल में पंचायत सचिवों के 300 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
➤ दो साल जॉब ट्रेनी के रूप में सेवाएं देने के बाद होगी नियमित नियुक्ति
➤ कई पंचायतों में एक सचिव संभाल रहे दो-तीन जगहों का काम
शिमला। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से लंबित पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया को आखिरकार शुरू कर दिया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद विभाग ने भर्ती योजना तैयार कर प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा है। सरकार के निर्देशों के अनुसार 300 पंचायत सचिवों के पद जॉब ट्रेनी आधार पर भरे जाएंगे।
प्रदेश में पंचायत सचिवों की कमी को दूर करने के लिए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। ये सचिव ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों की रीढ़ की हड्डी माने जाते हैं।
हिमाचल में वर्तमान में 899 पंचायत सचिवों के पद खाली हैं। ऐसे में कई विकासखंडों में एक सचिव दो से तीन पंचायतों का कार्यभार संभाल रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन 300 पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा, ताकि ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में कोई बाधा न आए।
नई भर्ती योजना के अनुसार, चयनित उम्मीदवारों को पहले दो वर्ष तक जॉब ट्रेनी के रूप में सेवाएं देनी होंगी, जिसके बाद प्रदर्शन के आधार पर उन्हें नियमित किया जाएगा।
राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों युवाओं को उम्मीद जगी है, जो वर्षों से सरकारी नौकरियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।



