Follow Us:

हिमाचल पुलिस ने तीन नशा तस्करों की 2.65 करोड़ की संपत्ति जब्‍त

  • हिमाचल पुलिस ने तीन नशा तस्करों की 2.65 करोड़ की संपत्ति अटैच की

  • कांगड़ा में चरस और चिट्टा के साथ कई गहने, वाहन और नकदी बरामद

  • NDPS एक्ट के तहत पहले से दर्ज थे कई मामले, संपत्ति ज़ब्ती की प्रक्रिया शुरू


Drug Trafficking Himacha: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2.65 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस मुख्यालय शिमला से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कांगड़ा जिले के धर्मशाला क्षेत्र में की गई, जहां तीन तस्करों की संपत्ति को अटैच कर दिया गया है।

पहले मामले में, 6 अप्रैल को धर्मशाला पुलिस ने संजय कुमार उर्फ छप्पन और सुमन कुमारी उर्फ वर्षा को 1.246 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा। जांच में खुलासा हुआ कि संजय के खिलाफ पहले से पांच NDPS मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि संजय ने नशे के काले धंधे से तीन मकान और चार वाहन खरीदे, जिनकी कुल कीमत 1.59 करोड़ रुपए आँकी गई है। इनमें महिंद्रा स्कॉर्पियो, मारुति स्विफ्ट, रॉयल एनफील्ड और एक्टिवा स्कूटी शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी संपत्तियों को अटैच कर दिया है।

दूसरे मामले में, 6 नवंबर को कांगड़ा पुलिस ने पवन कुमार और उसकी पत्नी नीना को 26.10 ग्राम चिट्टा, 241 ग्राम सोना, 1207 ग्राम चांदी और 44,580 रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भी पहले से 5 NDPS केस दर्ज हैं। पुलिस ने पाया कि उन्होंने नशे की कमाई से अरला, स्कोट और तरसुहां में तीन मकान तैयार किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 81 लाख रुपए है। इसके साथ ही बरामद गहनों और नकदी को मिलाकर कुल 1.06 करोड़ रुपए की संपत्ति पाई गई।

इसके अतिरिक्त, पुलिस पहले ही एक अन्य नशा तस्कर की 51 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर चुकी है। यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत की जा रही है, जिससे स्पष्ट संकेत दिया गया है कि अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति पर भी अब शिकंजा कसा जाएगा