Follow Us:

नशा माफिया पर हिमाचल पुलिस का बुलडोजर एक्शन, नूरपुर में चिट्टा तस्करों के दो मकान ढहाए, दो कब्जे में

हिमाचल पुलिस ने पहली बार नशा माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलाया
नूरपुर में दो मकान ध्वस्त, दो प्रशासनिक कब्जे में
सरकारी जमीन पर बने थे अवैध निर्माण, कई एनडीपीएस केस दर्ज



हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने नशा माफिया के विरुद्ध अब तक का सबसे सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया है। जिला नूरपुर पुलिस ने भदरोया क्षेत्र में शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है, जिसके तहत जेसीबी मशीन से दो अवैध मकान गिराए गए और दो को प्रशासन ने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। यह सभी मकान सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए थे और इनके मालिकों पर चिट्टा तस्करी के तहत कई एनडीपीएस मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इस कार्रवाई को सोनिया पत्नी नरेंद्र कुमार, परमजीत उर्फ गोशा पत्नी कस्तूरी लाल, दीपक राज उर्फ दीपा तथा बुआ दास के विरुद्ध अंजाम दिया। जांच में सामने आया है कि इन सभी के विरुद्ध नूरपुर, डमटाल और पठानकोट थानों में नशा बेचने के कई मामले हैं। आरोपित बुआ दास के बेटे रोहित कुमार और अमित कुमार पर भी अलग अलग थानों में नशा तस्करी के केस दर्ज हैं और वे भी इस धंधे में सक्रिय हैं।

जिला एसपी अशोक रत्न ने बताया कि इन आरोपितों की वित्तीय जांच के दौरान पाया गया कि इन्होंने भदरोया क्षेत्र में सरकारी जमीन पर निर्माण किए हैं। विभागीय निशानदेही के बाद स्थानीय प्रशासन ने भूमि बेदखली वारंट जारी किए, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

एसपी ने कहा कि नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़ा गया यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जो भी तस्करी में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। पुलिस का यह एक्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और इसे नशे के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है।