➤ हिमाचल सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया
➤ 1 आईपीएस और 12 एचपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी
➤ साल 2022 बैच की आईपीएस सुशील चौधरी बनीं एसडीपीओ देहरा कांगड़ा
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शनिवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने एक आईपीएस अधिकारी और 12 एचपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं।
नए आदेशों के अनुसार, साल 2022 बैच की आईपीएस सुशील चौधरी को एसडीपीओ देहरा कांगड़ा नियुक्त किया गया है। सुशील चौधरी लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रही थीं।
वहीं, साल 2010 बैच के एचपीएस अधिकारी हितेश लखनपाल, जो फिलहाल एएसपी कांगड़ा के पद पर थे, उन्हें एएसपी चंबा भेजा गया है। इसी बैच के दिनेश शर्मा, जो अब तक एएसपी लीव रिजर्व पुलिस मुख्यालय शिमला में थे, को एएसपी थर्ड बटालियन पंडोह का कार्यभार सौंपा गया है।
इसके अलावा एसडीपीओ डलहौजी हेमंत कुमार का तबादला कर उन्हें डीएसपी रिजर्व बटालियन सकोह भेजा गया है, जबकि खजाना राम को डीएसपी एसडीआरएफ मंडी लगाया गया है।
नए आदेशों के तहत चंद्रपाल सिंह को एसडीपीओ नूरपुर, विक्रम चौहान को डीएसपी इंटेलिजेंस सीआईडी शिमला, विशाल वर्मा को एसडीपीओ घुमारवीं, चमन लाल को डीएसपी रिजर्व बटालियन जंगलबैरी हमीरपुर, नवीन झालटा को डीएसपी स्टेट विजिलेंस शिमला, अनिल कुमार को डीएसपी रिजर्व बटालियन बनगढ़ ऊना, मयंक शर्मा को एसडीपीओ डलहौजी और उमेश्वर राणा को डीएसपी किन्नौर नियुक्त किया गया है।
इस फेरबदल को राज्य में प्रशासनिक कसावट और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





