➤ सड़कों पर स्टंट करने वालों के वाहन होंगे जब्त, ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए जाएंगे
➤ डीजीपी अशोक तिवारी ने सभी जिलों को सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए
➤ सोशल मीडिया पर स्टंट वीडियो डालने वालों पर साइबर सेल की नजर
हिमाचल प्रदेश में अब सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों की खैर नहीं है। पुलिस मुख्यालय ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे वाहनों को मौके पर जब्त किया जाए और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के लिए परिवहन विभाग को अनुशंसा भेजी जाए।
डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा है कि सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही, सोशल मीडिया पर स्टंट वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ साइबर सेल भी कार्रवाई करेगा। पुलिस ने आदेश दिया है कि शहरों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए और रात के समय नाके भी लगाए जाएं ताकि ऐसे मामलों पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।
पिछले कुछ समय में शिमला, धर्मशाला, सोलन, ऊना और मंडी जैसे शहरों में युवाओं द्वारा बाइक से स्टंट करने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनसे न केवल स्टंट करने वालों की जान खतरे में पड़ी, बल्कि राहगीरों और आम जनता की सुरक्षा भी प्रभावित हुई। कई मामलों में तो ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर अन्य युवाओं को उकसाने की कोशिश की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा अधिनियम के तहत इस तरह की स्टंटबाजी को गंभीर अपराध माना जाएगा। डीजीपी तिवारी ने कहा कि जिला पुलिस अधिकारी युवा बाइकर्स पर विशेष निगरानी अभियान चलाएं और आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं पर स्टंटबाजी होती दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि सड़कें सुरक्षित बनी रहें।



