➤मंडी में सामान्य से 456% ज्यादा बारिश से तबाही
➤अगले तीन दिन हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट
➤लाहौल स्पीति में अब तक मानसून की एक बूंद भी नहीं
Weather Warning: हिमाचल प्रदेश में मानसून के समय से पहले सक्रिय होने के बाद से बारिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मौसम विभाग ने कल से अगले तीन दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अब तक पूरे प्रदेश में सामान्य से 55 प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले एक हफ्ते में औसत से 171 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। मंडी जिला में स्थिति और भी गंभीर है। यहां सामान्य से 456% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक 26 जून से 3 जुलाई के बीच मंडी में सामान्यत: 58.3 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा 324.4 मिलीमीटर पहुंच गया।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस भारी बारिश में मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। 15 जगह बादल फटने की घटनाओं में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 31 लोग अभी भी लापता हैं। यहां 168 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रदेश में अब तक जितना नुकसान हुआ, उससे कई गुना ज्यादा सिर्फ इस विधानसभा क्षेत्र में तबाही हुई है।
शिमला में भी हालात खराब हैं। यहां सामान्य से 399% ज्यादा बारिश हुई है। जहां इस अवधि में 34.6 मिलीमीटर पानी बरसता था, वहां अब तक 172.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। सोलन में भी सामान्य से 280% अधिक बारिश दर्ज हुई।
वहीं दूसरी ओर, प्रदेश का लाहौल-स्पीति जिला इस बार भी सूखे जैसी स्थिति झेल रहा है। पूरे मानसून सीजन में यहां एक बूंद भी बारिश नहीं हुई। चंबा में मात्र 1% अधिक वर्षा दर्ज हुई।
मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले 72 घंटे संवेदनशील रहेंगे। विशेषकर मंडी, कांगड़ा, चंबा, ऊना जैसे जिलों में लोगों को नदी-नालों और ढलानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।



