➤ सीएम सुक्खू ने भारतीय महिला टीम की गेंदबाज रेणुका ठाकुर को देने की घोषणा की एक करोड़ की राशि
➤ मेयर पद के रोस्टर विवाद पर पार्षदों को मनाने में जुटे मुख्यमंत्री, बैठक में हुई विस्तार से चर्चा
➤ बिजली महादेव रोपवे से बढ़ेगा पर्यटन, देवी-देवताओं का सम्मान जरूरी – बोले सीएम सुक्खू
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप जीतने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की बेटी और भारतीय टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को फोन कर शुभकामनाएं दीं और उनकी शानदार गेंदबाजी की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि रेणुका ठाकुर को प्रदेश सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियों ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है, और हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर ने वर्ल्ड कप में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है ताकि हिमाचल के और युवा खेलों में अपना नाम कमा सकें।
इसी बीच, मेयर पद के रोस्टर को लेकर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर में कांग्रेस पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में पार्षदों के बीच के मतभेदों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में सभी पार्षद मिलजुलकर कार्य करेंगे और एकजुट होकर जनता के हित में काम करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन अंतिम लक्ष्य जनता की सेवा होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू में प्रस्तावित बिजली महादेव रोपवे परियोजना पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रदेश के धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की निगरानी कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार देवी-देवताओं का पूर्ण सम्मान करती है, लेकिन विकास के साथ पर्यटन और रोज़गार के नए अवसर भी जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक आस्था और विकास के बीच संतुलन बनाए रखना है ताकि हिमाचल की पहचान आध्यात्मिकता के साथ-साथ आधुनिकता के लिए भी बनी रहे।



