Follow Us:

हिमाचल में 3 अप्रैल तक रहेगा शुष्क मौसम, तापमान में होगी बढ़ोतरी

  • हिमाचल प्रदेश में 3 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा, बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं

  • 3 अप्रैल से कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ इलाकों में हल्की बारिश संभव

  • न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि संभावित


Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 3 अप्रैल तक प्रदेश में किसी भी प्रकार की बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 3 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बावजूद इसके, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4-5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। बीते 24 घंटों में केलांग में सबसे कम 2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के विभिन्न शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। चंबा में 27.4 डिग्री, धर्मशाला में 26 डिग्री, मनाली में 23.8 डिग्री, भुंतर में 30.6 डिग्री, मंडी में 30.3 डिग्री और शिमला में 24.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ऊना और बरठीं में सबसे अधिक गर्मी देखने को मिली, जहां तापमान क्रमशः 33.0 और 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।