-
पंजाब में HRTC बसों पर हमले जारी, हिमाचल सरकार ने उठाए सख्त कदम
-
पंजाब में बसों की सुरक्षा नहीं मिली तो HRTC की बसें पंजाब में नहीं रुकेंगी – डिप्टी सीएम
-
हिमाचल के डीजीपी ने पंजाब के डीजीपी से की चर्चा, केंद्र सरकार को भी अवगत कराएगी सरकार
HRTC Bus Attack Punjab: पंजाब में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की बसों पर हो रहे हमलों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेने की तैयारी कर ली है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को स्पष्ट किया कि यदि पंजाब सरकार हिमाचल की बसों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तो HRTC बसें पंजाब में रुकना बंद कर देंगी।
पंजाब सरकार को देनी होगी सुरक्षा की गारंटी
डिप्टी सीएम ने कहा कि हिमाचल सरकार पंजाब सरकार से वार्ता करेगी और पंजाब से सुरक्षा का ठोस आश्वासन मांगेगी। अगर पंजाब सरकार सुरक्षा सुनिश्चित करती है तो HRTC की बसें पूर्ववत चलेंगी, अन्यथा पंजाब के बस अड्डों पर हिमाचल की बसों का रुकना बंद कर दिया जाएगा।
600 बसों की सुरक्षा पर बड़ा फैसला
अग्निहोत्री ने बताया कि HRTC की करीब 600 बसें रोज़ाना पंजाब से होकर गुजरती हैं। हाल ही में अमृतसर, खरड़ और होशियारपुर में HRTC की बसों पर हमले हुए, जिनमें खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए और बसों पर “खालिस्तान” लिखा गया। हिमाचल सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पंजाब के डीजीपी से सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई है।
कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बसों के कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि हालात नहीं सुधरे, तो हिमाचल सरकार इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष भी रखेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को जल्द ही इस संबंध में सख्त कदम उठाने होंगे।



