Follow Us:

एनएचआई से सरकाघाट के लोग परेशान, विधायक चंद्रशेखर का विरोध जायज: विक्रमादित्य सिंह

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर
PWD को मिली 35 गाड़ियां, विक्रमादित्य सिंह ने दिखाई हरी झंडी
विधायक चन्द्र शेखर के विरोध को बताया लोकतांत्रिक अधिकार


हिमाचल प्रदेश में हालिया आपदा के बाद कई सड़कें अब भी बंद पड़ी हैं, जिन्हें खोलने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। लगातार दो-तीन दिनों से मौसम अनुकूल होने से कई मार्ग बहाल कर दिए गए हैं। सेब बागवानों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने वैकल्पिक उपायों पर भी विचार शुरू किया है। यदि जरूरत पड़ी तो नदियों के रास्ते सेब को मंडियों तक पहुंचाने की योजना लागू की जाएगी, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

इसी कड़ी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विभाग को मिली 35 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि 70 गाड़ियां खरीदी जा रही हैं, जिनमें से पहले चरण में साढ़े तीन करोड़ की लागत से 35 गाड़ियां खरीदी गई हैं। इन वाहनों को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाएगा, जिससे फील्ड वर्क में तेजी लाई जा सके और सड़क बहाली कार्य में गति मिले।

इस मौके पर धर्मपुर विधायक चन्द्र शेखर के धरने को लेकर पूछे गए सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनकी मांगें जायज़ हैं और वहां के लोग लंबे समय से परेशान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। मंत्री ने माना कि NHAI के कारण स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और विधायक का विरोध लोकतांत्रिक ढांचे का हिस्सा है।