➤ हिमाचल के स्कूलों में अब सुबह की सभा में पढ़े जाएंगे समाचार
➤ मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण के बाद शिक्षा विभाग ने दिए सख्त निर्देश
➤ विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और बोलचाल में सुधार लाने की पहल
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने सभी राजकीय स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अब सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान दैनिक समाचार पढ़ना अनिवार्य रूप से लागू करें। यह आदेश मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में कुल्लू जिला के बागा-सराहन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का औचक निरीक्षण किया था, जहां उन्होंने विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान के स्तर पर असंतोष व्यक्त किया था।
शिक्षा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान छात्रों को केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक और समसामयिक ज्ञान देने की आवश्यकता पर बल दिया। इसी क्रम में दैनिक समाचारों को पढ़ना, छात्रों के आलोचनात्मक सोच, शब्दावली, पठन-समझ, उच्चारण और संप्रेषण कौशल को विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि विभाग ने सभी उप-निदेशकों और स्कूल प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने संस्थानों में अंग्रेजी और हिंदी दोनों समाचार पत्रों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि छात्र देश-दुनिया की घटनाओं से जुड़े रहें। इसके साथ ही, छात्रों को प्रार्थना सभा में आत्मविश्वास के साथ बोलने और भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल न केवल छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करेगी बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र से जुड़ी घटनाओं की गंभीर समझ और जिम्मेदारी से जोड़ने का भी माध्यम बनेगी। यह समग्र विकास और समसामयिक जानकारी के लिए शिक्षा विभाग का एक महत्वपूर्ण नवाचार है।



