-
हिमाचल में 1 मई से वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बारिश और आंधी का अलर्ट
-
अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब, तापमान में गिरावट की संभावना
-
कुल्लू और ऊना में आज हीट वेव का येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम राहत लेकर आने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 1 मई से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिससे राज्य के अधिकांश भागों में अगले पांच दिनों तक बारिश, तूफान और ठंडी हवाओं का दौर बना रहेगा। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
1 और 2 मई को हल्की बारिश, जबकि 3 और 4 मई को अपेक्षाकृत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है। 5 मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। इस बदले मौसम से प्रदेश में तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। बीती शाम ठियोग और उसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि शिमला में ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया। शिमला, कुफरी और नारकंडा जैसे पर्यटन स्थलों पर मौसम खुशनुमा हो गया है और पर्यटक घुड़सवारी व स्कैंडल पॉइंट जैसी जगहों पर आनंद ले रहे हैं।
हालांकि, राहत से पहले आज कुल्लू और ऊना जिलों में लू चलने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रदेश के तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन औसत अधिकतम तापमान अब भी सामान्य से 1.2 डिग्री ऊपर है। मनाली में तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री ऊपर 28.8 डिग्री, भुंतर में 33.8, शिमला में 25.4 और कांगड़ा में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।



