Follow Us:

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, जानें कब

  • पिछले 24 घंटे में तापमान में उछाल
  • 9 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
  • 12 मार्च को पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अनुमान

HimachalWeather: हिमाचल प्रदेश में बीते दो दिनों से अच्छी धूप खिली हुई है, लेकिन शुक्रवार को कुछ इलाकों में बादल छाए रहे। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.3°C और अधिकतम तापमान में 2.8°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हालांकि, 9 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) फिर से सक्रिय होगा, जिससे मौसम करवट लेगा। 9 मार्च को चंबा, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 10 और 11 मार्च को प्रदेश के मध्यम और ऊंचे इलाकों में बादल बरसेंगे, जबकि 12 मार्च को पूरे हिमाचल में अच्छी बारिश और बर्फबारी होगी। इससे प्रदेश में दोबारा ठंड लौट सकती है।

प्रदेश के कई शहरों में तापमान में जबरदस्त उछाल देखा गया। मंडी में अधिकतम तापमान 30°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.4°C अधिक है। ताबो में भी 6.7°C की बढ़ोतरी के साथ पारा 17.6°C हो गया है। कल्पा का तापमान 13.8°C, मनाली का 16.4°C और भरमौर का 17.1°C दर्ज किया गया है।

इस बीच, शिमला के रिज पर टूरिस्टों की हलचल बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च से प्रदेश में फिर से ठंड बढ़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ का असर 12 मार्च तक बना रहेगा, जिससे पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होगी। इससे मौसम फिर ठंडा हो सकता है और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।