Follow Us:

हिमाचल में पर्यटन कारोबार फिर गुलजार, दुर्गा पूजा सीजन की तैयारियां तेज

हिमाचल में पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने लगा
दुर्गा पूजा सीजन से पहले होटलों में इंक्वायरी बढ़ी
व्यापारियों को कारोबार रफ्तार पकड़ने की उम्मीद


हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं और भारी बारिश की मार झेलने के बाद अब धीरे-धीरे संभलने लगा है। प्रदेश का पर्यटन उद्योग, जो बीते दो महीनों से बुरी तरह प्रभावित रहा, एक बार फिर पटरी पर लौटता नजर आ रहा है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, चायल, कसौली और आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही शुरू हो गई है।

दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन के लिए होटलों और होमस्टे में इंक्वायरी बढ़ रही है। खासकर शिमला, किन्नौर, कसौली और चायल जैसे हॉटस्पॉट्स पर होटल संचालकों के पास बुकिंग और पूछताछ में तेजी आई है। होटल व्यवसायियों का कहना है कि मौसम खुलने के बाद इस वीकेंड से पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में बारिश थमने के बाद राहत और बहाली कार्य तेजी से चल रहे हैं। इससे पर्यटकों का भरोसा लौट रहा है और कारोबारियों में भी नई उम्मीद जगी है।

इसी तरह ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक यहां के हालात देखकर दूसरों को भी हिमाचल लौटने के लिए प्रेरित करेंगे। इससे धीरे-धीरे पर्यटन कारोबार फिर से रफ्तार पकड़ लेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में भारी बारिश नहीं होती तो सितंबर के आखिर से लेकर दुर्गा पूजा छुट्टियों तक पर्यटकों की संख्या में बड़ा उछाल देखने को मिलेगा। बंगाल, गुजरात, मद्रास और उत्तर भारत से अधिक संख्या में सैलानियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि यह सीजन अगर सही रहा तो बीते महीनों का नुकसान काफी हद तक पूरा किया जा सकेगा।