➤ शिमला की तुलना में मैदानी इलाकों में रातें ज्यादा ठंडी
➤ प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे
➤ पोस्ट मानसून सीजन में सामान्य से 135% ज्यादा बारिश दर्ज
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों की रातें अब शिमला से भी ठंडी हो चुकी हैं। बीती रात जहां शिमला का तापमान बढ़ा, वहीं मंडी, हमीरपुर, सोलन और कांगड़ा में ठंड ने असर दिखाया।
शिमला का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री बढ़कर 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, सोलन 7.4 डिग्री, मनाली 4.1 डिग्री, कांगड़ा 9.0 डिग्री, मंडी 9.6 डिग्री, हमीरपुर 9.2 डिग्री, और पालमपुर 8.0 डिग्री सेल्सियस तक ठंडे रहे।
प्रदेश में सबसे कम तापमान केलांग का माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कुकुमसैरी और ताबो का तापमान माइनस 2.4 डिग्री दर्ज हुआ। हिमाचल के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे और 6 शहरों में 5 डिग्री से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिन तक प्रदेश में धूप खिली रहेगी। दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, जबकि ऊंचे और मैदानी इलाकों में रातें ठंडी होंगी।
इस बीच, मंडी और बिलासपुर जिलों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर के बीबीएमबी क्षेत्र में विजिबिलिटी 100 मीटर तक सीमित हो गई। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक पहाड़ों पर बारिश या बर्फबारी नहीं होगी, कोहरा लोगों को परेशान करता रहेगा।
पोस्ट मानसून सीजन में इस बार बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश में सामान्य से 135 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई। 1 अक्टूबर से 6 नवंबर तक औसत 29.5 मिलीमीटर की जगह 69.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
इस अवधि में बिलासपुर में 535%, चंबा में 103%, हमीरपुर में 193%, कांगड़ा में 218%, किन्नौर में 54%, कुल्लू में 179%, लाहौल-स्पीति में 67%, मंडी में 213%, शिमला में 106%, सिरमौर में 223%, सोलन में 288% और ऊना में 232% अधिक वर्षा दर्ज की गई।



