-
लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी संभव
-
न्यूनतम तापमान स्थिर, अगले 3-4 दिनों में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान
Himachal Pradesh weather update: हिमाचल प्रदेश में आगामी 26 मार्च तक अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। इन क्षेत्रों में दो सप्ताह तक पहाड़ बर्फ से ढके रहने की संभावना है, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रदेश में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी, वहीं अधिकतम तापमान में भी 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। तापमान में वृद्धि के साथ ही प्रदेश में गर्मी बढ़ने लगेगी।
पिछले सप्ताह हुई बर्फबारी के चलते पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू और लाहौल-स्पीति के विभिन्न स्थलों पर पहुंच रहे हैं। सोलंग नाला, कोकसर, अटल टनल रोहतांग के दक्षिणी और उत्तरी द्वार तथा हामटा पास में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। वर्तमान में कोकसर, रोहतांग टनल और सोलंग नाला में बर्फ की मोटी चादर जमी हुई है, जहां 15 से 20 दिनों तक पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठा सकेंगे।



