Follow Us:

हिमाचल में आज कमजोर रहेगा मानसून, रविवार से बारिश की चेतावनी

➤ हिमाचल में आज मानसून कमजोर, शिमला समेत कई इलाकों में धूप खिली
➤ रविवार को चार जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, 21 से 23 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
➤ अब तक 110 लोगों की मौत, 1220 करोड़ की संपत्ति का नुकसान, मंडी में 27 लोग लापता



हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताह मानसून की गति धीमी रही है। शनिवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शिमला, सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर जैसे अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली हुई है और कहीं–कहीं हल्के बादलों की मौजूदगी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज यानी शनिवार को प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम साफ रहेगा और कहीं–कहीं ही हल्के बादल छा सकते हैं। लेकिन रविवार (20 जुलाई) से मौसम करवट ले सकता है। बिलासपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले सप्ताह 21 से 23 जुलाई तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 21 जुलाई को मंडी, शिमला और सोलन जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। 22 जुलाई को कांगड़ा भी इस सूची में शामिल हो जाएगा। मौसम विभाग ने इन दिनों भूस्खलन, बाढ़ और नालों के उफान की आशंका जताई है, जिससे सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मानसून सीजन में अब तक प्रदेश ने भारी तबाही झेली है। 20 जून से 18 जुलाई के बीच 110 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 23 की मौत लैंडस्लाइड, बादल फटने या बाढ़ के कारण हुई है, जबकि 35 लोग अब भी लापता हैं। अकेले मंडी जिले से 27 लोग लापता हैं।

बारिश से 1220 करोड़ रुपये की सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। 1000 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं, जिनमें से कई पूरी तरह ढह गए या निवास योग्य नहीं रहेसैकड़ों लोग बेघर हो चुके हैं।

जून माह में बारिश सबसे अधिक सक्रिय रही और तबाही का कारण बनी, जबकि जुलाई में मानसून कमजोर रहा है। 1 से 18 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्यतः 137.3 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 128.5 मिमी ही बारिश हुई है। 11 से 18 जुलाई के बीच 34 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।