➤ हिमाचल की आषिता आचार्य को मिला राष्ट्रपति गाइड पुरस्कार
➤ गाइड कैटेगरी में देश के टॉप 30 में बनी इकलौती हिमाचली
➤ उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने कार्यालय में किया सम्मानित
शिवांंशु शुक्ला, धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की बेटी आषिता आचार्य ने राष्ट्रपति गाइड पुरस्कार प्राप्त कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन कर दिया है। नगरोटा बगवां निवासी आषिता ने गाइड कैटेगरी में देशभर के टॉप 30 विद्यार्थियों में अपनी जगह बनाई है, और यह उपलब्धि पाने वाली हिमाचल प्रदेश की इकलौती छात्रा बनी हैं। इस सम्मान के लिए पूरे देश से केवल 2000 आवेदन स्वीकार किए जाते हैं, जिनमें से केवल चार कैटेगरी—स्काउट, गाइड, रेंजर व रोवर्स—में कुल 120 विद्यार्थी चयनित किए जाते हैं।
आषिता ने वर्ष 2013 में स्काउटिंग से जुड़कर अपना सफर शुरू किया था। 2016 में उन्होंने स्टेट लेवल गवर्नर अवार्ड प्राप्त किया और उसके बाद लगातार मेहनत करते हुए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार तक पहुंचीं। राष्ट्रपति द्वारा उन्हें व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया गया, जो किसी भी विद्यार्थी के लिए गौरव की बात होती है।
इस उपलब्धि पर जिला कांगड़ा के उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन ने आषिता को अपने कार्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आषिता ने यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, समर्पण और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर आषिता के माता-पिता भी मौजूद रहे और अपनी बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व से भर उठे।
आषिता वर्तमान में एक NGO में इंटर्नशिप कर रही हैं और उनका सपना है कि वह पीएचडी कर समाजसेवा के क्षेत्र में बड़ा योगदान दें। उन्होंने कहा, “जो सपना मैंने देखा था, वह आज पूरा हुआ है।”



