Follow Us:

विधानसभा में याचिका समिति की बैठक, 13 मामलों का निपटारा


● विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां ने याचिका समिति की बैठक की अध्यक्षता की
● कुल 49 याचिकाओं की समीक्षा, 13 याचिकाओं का निपटारा किया गया
● शिक्षा और राजस्व सचिवों को अगली बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए

पराक्रम चंद, शिमला



हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय में शुक्रवार, 13 जून 2025 को आयोजित याचिका समिति की महत्वपूर्ण बैठक में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने अध्यक्षता की। बैठक का आयोजन मुख्य समिति कक्ष में अपराह्न 3:30 बजे किया गया, जिसमें समिति सदस्य सतपाल सिंह सत्ती और कमलेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।

इस दौरान कुल 49 याचिकाओं पर समिति द्वारा समीक्षा की गई, जिनमें से 13 याचिकाओं का निपटारा कर दिया गया। शेष याचिकाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत संबंधित विभागों से एक महीने के भीतर विभागीय उत्तर प्राप्त करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय जनहित में लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग से संबंधित याचिकाओं की गंभीरता को देखते हुए सचिव शिक्षा तथा सचिव राजस्व को अगली बैठक में आमंत्रित किया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया कि इन विभागों की याचिकाओं पर विस्तारपूर्वक विचार कर निर्णय लिए जाएंगे।

49 याचिकाओं में सबसे अधिक याचिकाएं शिक्षा विभाग (13) और राजस्व विभाग (9) से संबंधित थीं। इसके अतिरिक्त, लोक निर्माण विभाग की 6, वन विभाग व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 3-3, तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, परिवहन विभाग और जल शक्ति विभाग की एक-एक याचिका पर भी चर्चा की गई।

यह बैठक न केवल विधायी प्रक्रिया की पारदर्शिता और जवाबदेही का प्रतीक बनी, बल्कि जन समस्याओं के प्रति विधानसभा की संवेदनशीलता का परिचायक भी रही।