Follow Us:

हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीकॉम और संस्कृत सहित छह स्नातक कोर्सों में प्रवेश शुरू

➤ हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीकॉम, संस्कृत समेत छह यूजी कोर्सों में मिलेगा प्रवेश
➤ 17 नए सर्टिफिकेट कोर्स शुरू, 27 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
➤ सीयू शोधार्थी अमर ने दक्षिण कोरिया में पेश किया लोकतंत्र पर अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र



हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) शैक्षणिक सत्र 2025-26 के पहले सेमेस्टर के लिए स्नातक और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर चुका है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए यह जानकारी दी है कि इच्छुक विद्यार्थी 27 जुलाई शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

सीयूईटी (यूजी)-2025 में भाग लेने वाले अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के छह स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं जिनमें बीकॉम, बीए संस्कृत (ऑनर्स), शास्त्री (बीए), बीएससी फिजिक्स (ऑनर्स), बीएफए स्क्ल्पचर और बीएफए पेंटिंग शामिल हैं।

साथ ही विश्वविद्यालय 17 विषयों में सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू करने जा रहा है, जिनमें गुज्जर हिस्ट्री एंड कल्चर, पंजाबी भाषा, वैदिक गणित, एमेंजिंग एरिया ऑफ सोशल वर्क समेत विविध विषय शामिल हैं।

पंजीकरण शुल्क स्नातक व सामान्य सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 500 रुपये, जबकि सेल्फ फाइनेंसिंग कोर्सों के लिए 1,000 रुपये तय किया गया है।

सीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जितेंद्र गर्ग ने बताया कि एक अभ्यर्थी अधिकतम 6 पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है। 29 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट, 4 अगस्त को दूसरी और 8 अगस्त को तीसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 1, 6 और 12 अगस्त को क्रमशः फीस जमा और दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इस बीच, सीयू के शोधार्थी अमर कुमार ने दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक विज्ञान संघ (IPSA) की 28वीं विश्व कांग्रेस में शोधपत्र प्रस्तुत कर विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया।

उनका शोध विषय था – ‘एशिया में लोकतांत्रिक पतन: राज्यों और गैर-राज्यकर्ताओं की भूमिका’। अमर कुमार, उपमंडल फतेहपुर के रैहन क्षेत्र के निवासी हैं और दीनदयाल उपाध्याय स्टडी सेंटर से पीएचडी कर रहे हैं। उन्होंने यह शोध डॉ. चंद्रशेखर के निर्देशन में किया है।